अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में 1 लाख से ज्यादा लोगों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत, नमस्ते कहकर की। उन्होंने कहा कि भारत आना एक गर्व की बात है, नरेंद्र मोदी एक चैंपियन हैं जो भारत को विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। 5 महीने पहले अमेरिका ने पीएम मोदी का स्वागत किया था, आज हिंदुस्तान हमारा स्वागत कर रहा है जो हमारे लिए खुशी की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारा स्वागत किया, आज से भारत हमारे लिए सबसे अहम दोस्त होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मैं और फर्स्ट लेडी 8000 मील का दौरा कर यहां पहुंचे हैं। अमेरिका हिंदुस्तान का दोस्त है, अमेरिका हिंदुस्तान का सम्मान करता है।
ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी जिंदगी में काफी मेहनत की और चायवाले की तरह शुरुआत की। उन्होंने अपने पिता की चाय की दुकान पर काम किया। पीएम मोदी को आज हर कोई प्यार करता है, लेकिन वो काफी टफ हैं। आज पीएम मोदी हिंदुस्तान के सबसे प्रमुख नेता है, पिछले साल 60 करोड़ से अधिक लोगों ने पीएम मोदी को वोट किया और सबसे बड़ी चुनावी जीत दर्ज करवाई। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम मोदी सिर्फ गुजरात के नहीं बल्कि देश के लिए गर्व हैं, जो असंभव को संभव बना सकते हैं। प्रधानमंत्री की अगुवाई में आज भारत तरक्की कर रहा है और ये विकास की यात्रा दुनिया के लिए मिसाल है। आज भारत अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में बड़ी शक्ति बन गया है। भारत ने एक दशक के भीतर ही कई करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से बाहर निकाला।
डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान उज्जवला योजना, इंटरनेट सुविधा, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी मोदी सरकार की कई योजनाओं का जिक्र किया। अमेरिकी राष्ट्रपति बोले कि आज भारत बड़ी शक्ति बनकर उभर रहा है, जो इस सेंचुरी की सबसे बड़ी बात है। आपने ऐसा एक शांतिपूर्ण देश होने के साथ हासिल किया है। डोनाल्ड ट्रंप बोले कि भारत आज अपने लोगों में विश्वास जताता है, जो कि अमेरिका और हिंदुस्तान को एक जैसा बनाता है। अमेरिका और भारत में कई समानता हैं, जिसमें हर व्यक्ति को एक समान माना गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस दौरान स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी का भी जिक्र किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति बोले कि भारत हर साल 2000 से अधिक फिल्में बनाता है, जो बॉलीवुड है। पूरी दुनिया में इसका स्वागत किया जाता है। लोग भांगड़ा-म्यूज़िक का जिक्र करते हैं, लोगों को डीडीएलजे भी काफी पसंद है। डोनाल्ड ट्रंप बोले कि भारत ने दुनिया को सचिन, विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी दिए। डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान होली, दिवाली जैसे त्योहारों का जिक्र किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में आज हिंदु, जैन, मुस्लिम, सिख समेत कई धर्मों के लोग रहते हैं, जहां दर्जनों भाषाएं बोली जाती हैं, फिर भी यहां देश में एक शक्ति की तरह लोग रहते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों ने वहां के विकास में बड़ा रोल निभाया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका में रहने वाले कई बिजनेसमैन गुजरात से आते हैं, ऐसे में अमेरिका के विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए हम सभी का शुक्रिया करते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में इस दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। ट्रंप बोले कि भारत-अमेरिका आज दोस्ती के साथ-साथ बिजनेस के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं। मैंने और मेलानिया ने आज महात्मा गांधी आश्रम का दौरा किया, जहां पर गांधी ने नमक आंदोलन की शुरुआत की। आज हम ताजमहल भी जाएंगे।
ट्रंप ने गांधी, विवेकानंद, सचिन, विराट का किया जिक्र, बॉलीवुड और त्योहारों पर भी की बात